नई दिल्ली, 26 मई 2025: IMD के अनुसार इस बार Monsoon ने केरल में 24 मई को ही दस्तक दे दी, जो तय समय से पहले आया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा यहाँ बताया गया है कि, ऐसा 16 वर्ष बाद हुआ है कि मानसून इतनी जल्दी पहुँचा हो। अब जल्द ही देश के अन्य राज्यों में भी बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से आंधी-तूफान का सिलसिला जारी है, और इन तूफानों में कई लोगों के हताहत होने की खबरें भी सामने आई हैं। ऐसे में मौसम की सटीक जानकारी रखना बेहद जरूरी है, ताकि आप अचानक बारिश में भीगने या सड़कों पर फंसने से बच सकें।
इस खबर के माध्यम से आप जान सकेंगे कि कैसे आप अपने स्मार्टफोन सेटिंग्स और ऐप्स की मदद से मानसून और आंधी – तूफ़ान में ख़ुद को सुरक्षित रख सकते हैं।
लोकेशन सर्विस को रखें चालू
अगर आप अपने फोन की लोकेशन सर्विस को बंद रखते हैं, तो इसे तुरंत चालू कर लें। लोकेशन सर्विस ऑन होने से आपके फोन की इनबिल्ट वेदर ऐप या अन्य मौसम ऐप्स आपको बारिश, तूफान, और आंधी की समय रहते जानकारी दे सकते हैं। इससे आप अपने बाहर निकलने के प्लान को मौसम के अनुसार बदल सकते हैं और अनावश्यक परेशानी से बच सकते हैं।
फोन की इनबिल्ट वेदर ऐप का करें इस्तेमाल
चाहे आप iOS यूजर हों या Android, हर स्मार्टफोन में एक इनबिल्ट मौसम ऐप होती है, जो मौसम की जानकारी देती है। इस ऐप के जरिए आप अगले 7 दिनों तक के मौसम का पूर्वानुमान देख सकते हैं। अचानक बारिश या तूफान की स्थिति में भी यह ऐप आपको अपडेट रखती है। अगर आप इस ऐप के नोटिफिकेशन ऑन कर लेते हैं, तो मौसम में होने वाले बदलावों की जानकारी तुरंत आपके फोन पर मिल जाएगी। इससे आप पहले से सतर्क होकर अपनी दिनचर्या को मौसम के अनुकूल बना सकते हैं।
IMD की मौसम ऐप करें इंस्टॉल
भारत सरकार के मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक खास मौसम ऐप बनाई है, जिसे इंस्टॉल करके आप रियल-टाइम मौसम अपडेट्स प्राप्त कर सकते हैं। इस ऐप के जरिए तापमान, नमी, हवा की गति, और बारिश की स्थिति की जानकारी मिलती है। इसके अलावा यह 5 से 7 दिन का मौसम पूर्वानुमान भी बताती है। भारी बारिश, तूफान, गर्मी की लहर, या ओले गिरने जैसी घटनाओं की चेतावनी भी इस ऐप के जरिए मिलती है। ये अलर्ट IMD के रडार सिस्टम से जारी होते हैं, इसलिए इनकी सटीकता काफी ज्यादा होती है। मानसून के दौरान यह ऐप आपके लिए बेहद मददगार साबित हो सकती है।
Google को करें कस्टमाइज़
साथ ही आप अपने फोन में मौजूद Google ऐप्स को कस्टमाइज़ करके भी आप मौसम की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके लिए Google को अपनी लोकेशन का एक्सेस देना होगा। अगर आप “Allow all the time” सेटिंग चुनते हैं, तो Google हर समय आपके क्षेत्र के मौसम की सटीक जानकारी देता रहेगा। इससे आपको बारिश या तूफान की चेतावनी समय पर मिल जाएगी, और आप अपनी योजनाओं को उसी हिसाब से बदल सकते हैं। Google के मौसम अपडेट्स नोटिफिकेशन के रूप में सीधे आपके फोन पर आते हैं, जो बेहद सुविधाजनक है।
होम स्क्रीन पर लगाएं मौसम विजेट्स
अपने फोन की होम स्क्रीन पर मौसम विजेट्स लगाना भी एक बेहतरीन तरीका है। ये विजेट्स समय-समय पर अपडेट होते रहते हैं, और हर बार फोन खोलते ही आपको मौसम की ताजा जानकारी मिल जाती है। iPhone और Samsung जैसे डिवाइसेज में आप मौसम से जुड़े इफेक्ट्स या वॉलपेपर को लॉक स्क्रीन पर भी सेट कर सकते हैं, जो लगातार मौसम की जानकारी दिखाते रहते हैं। इससे अचानक बारिश में फंसने की संभावना काफी कम हो जाती है, क्योंकि आप हर समय मौसम के प्रति जागरूक रहते हैं।
मानसून में सतर्कता है जरूरी
इस बार मानसून की जल्दी शुरुआत ने कई राज्यों में मौसम को अप्रत्याशित बना दिया है। दिल्ली-एनसीआर जैसे इलाकों में पहले से ही आंधी-तूफान का कहर देखने को मिल रहा है, और अब बारिश का दौर भी जल्द शुरू होने वाला है। ऐसे में स्मार्टफोन की इन सेटिंग्स और ऐप्स का इस्तेमाल करके आप मौसम की हर गतिविधि पर नजर रख सकते हैं। ये छोटे-छोटे कदम न केवल आपको बारिश में भीगने से बचाएंगे, बल्कि सड़कों पर फंसने या तूफान जैसी घटनाओं से होने वाले नुकसान से भी सुरक्षित रखेंगे। तो देर न करें, आज ही अपने फोन की सेटिंग्स को अपडेट करें और इस मानसून को सुरक्षित और परेशानी मुक्त बनाएं।