देश में मानसून के पूर्व आगमन के चलते एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी और गर्म-चिपचिपे मौसम का सामना भी करना पड़ सकता है।
इन राज्यों में होगी जोरदार बारिश
पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज तेज़ से बहुत तेज़ बारिश हो सकती है। साथ ही, अरुणाचल प्रदेश, कोंकण-गोवा, केरल और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी मौसम भीगने वाला है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और चंडीगढ़ जैसे मैदानी राज्यों में भी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे दिन में गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी
हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों में आज 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। इन जगहों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधान रहने और खुले मैदानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, कर्नाटक, सिक्किम और विदर्भ में भी आज 30-40 किमी/घंटे की हवाएं और बिजली चमकने के आसार हैं।
पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी का खतरा
पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है, जिससे दृश्यता में कमी और सड़कों पर असुविधा हो सकती है।
गर्मी और उमस से परेशान होंगे यह इलाके
गंगा के मैदानी क्षेत्र, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। यहां तापमान और नमी दोनों ही अधिक रहने की संभावना है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के विभिन्न हिस्सों में 45 से 65 किमी/घंटे तक की तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने और समुद्र में न उतरने की सलाह दी है, खासकर लक्षद्वीप, केरल, कर्नाटक और मन्नार की खाड़ी के आसपास के क्षेत्रों में।